वाराणसी (रणभेरी)।वाराणसी में अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला की दबंगों की पिटाई के बाद मौत हो गई। आरोप है कि गली से ऑटो निकालने के विरोध में मोहल्ले के कुछ लोगों ने पहले महिला के पति को पीटा, फिर बीच-बचाव करने पहुंची गर्भवती पत्नी पर भी लात-घूंसे बरसाए। गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और दो दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना लालपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज–कुलगंज खजूरी इलाके की है।हुकुलगंज–कुलगंज खजूरी निवासी दशमी पटेल सरकारी अधिकारियों के आवास पर भोजन बनाने का काम करता है। रविवार को वह एक अधिकारी के आवास पर खाना बना रहा था, तभी उसकी पत्नी सनोली पटेल (35) ने तबीयत खराब होने की सूचना दी। दशमी के अनुसार, पत्नी गर्भवती थी और प्रसव का समय नजदीक था। इस पर वह तुरंत घर पहुंचा और पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए पास के पेट्रोल पंप से ऑटो लिया।जब ऑटो गली में पहुंचा तो पत्नी दर्द के कारण बाहर नहीं आ सकी। दशमी ऑटो को गली के अंदर ले जाने लगा, जिसका कुछ दुकानदारों ने विरोध किया। आरोप है कि सड़क पर रखा सामान हटाने को कहने पर विवाद बढ़ गया और एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दशमी पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंची दशमी की मां को भी धक्का दिया गया।शोर सुनकर बाहर आई गर्भवती सनोली को भी दबंगों ने पीट दिया। लात-घूंसे मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। दशमी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब चार घंटे तक दंपती को रास्ते में ही रोके रखा गया और ऑटो को आगे नहीं जाने दिया गया। इस कारण सनोली को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका।लंबे समय तक रक्तस्राव के चलते महिला की हालत बिगड़ती चली गई। सोमवार को हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, हमले के दौरान भ्रूण को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे गर्भ में ही शिशु की मौत हो गई।
इसके बाद इन्फेक्शन फैलने से महिला की जान चली गई।महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस पर लापरवाही व आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंचे थानेदार ने लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति और परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
