PDA पर सियासी घमासान : सपा एमएलसी आशुतोष सिंह का तीखा पलटवार, भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप

PDA पर सियासी घमासान : सपा एमएलसी आशुतोष सिंह का तीखा पलटवार, भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर सियासत लगातार तेज होती जा रही है। सत्ता पक्ष की ओर से PDA को लेकर दिए जा रहे बयानों के बीच अब समाजवादी पार्टी ने भी खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में सपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) आशुतोष सिंह ने PDA को लेकर चल रही चर्चाओं पर तीखा पलटवार करते हुए भाजपा पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

आशुतोष सिंह ने कहा कि PDA कोई राजनीतिक नारा भर नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की आवाज है। इसे लेकर जानबूझकर गलत धारणाएं फैलाई जा रही हैं, ताकि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को गुमराह किया जा सके। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसी किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता के बीच सच्चाई को मजबूती से रखेगी।

इस दौरान सपा एमएलसी ने भाजपा नेता अजय शर्मा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने अजय शर्मा के बयानों को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए उन्हें “मानसिक रूप से अस्वस्थ” करार दिया। आशुतोष सिंह ने कहा कि इस तरह की भाषा और बयान राजनीति के स्तर को गिराते हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं।

इतना ही नहीं, उन्होंने नवनिर्वाचित भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज चौधरी को लेकर भी टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। हालांकि आशुतोष सिंह ने यह भी कहा कि भाजपा के नेता मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि असली सवाल महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय से जुड़े हैं।

सपा एमएलसी के इस बयान के बाद वाराणसी की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट साफ दिखाई दे रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि PDA को लेकर आने वाले दिनों में सपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज हो सकती है। फिलहाल, आशुतोष सिंह के इस तीखे पलटवार ने काशी की सियासत को नया सियासी रंग दे दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *