वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र में स्थित एक गेस्ट हाउस पर शुक्रवार देर रात पुलिस की स्पेशल टीम ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए लोगों में एक ग्राहक, होटल संचालक और दो कथित दलाल भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, नगवां इलाके के एक गेस्ट हाउस में अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर एसीपी मुख्यालय अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने योजना बनाकर दबिश दी। टीम ने गेस्ट हाउस से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा किया और सादे कपड़ों में भीतर पहुंचकर जांच शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में ही संचालक ने कुछ युवतियों के ठहरने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने परिसर की तलाशी ली। दो कमरे बंद मिले, जिन्हें खुलवाने पर एक कमरे में युवक-युवती आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। दूसरे कमरे में मौजूद लोग कथित तौर पर ग्राहकों की व्यवस्था करने वाले निकले।

जांच में यह भी सामने आया कि बाहरी राज्यों से युवतियों को लाकर ठहराया जाता था। दो युवतियां पश्चिम बंगाल की बताई जा रही हैं, जिन्हें हाल ही में शहर लाया गया था। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षक ऑफर देकर बुलाया जाता था।तलाशी के दौरान होटल के रजिस्टर में संबंधित युवतियों की कोई एंट्री नहीं मिली। कमरे की जांच में आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दवाएं बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।

सभी आरोपियों को लंका थाने लाकर एसओजी के दरोगा की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
