सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त: बिना नंबर प्लेट वाहन सीज, पहलवान लस्सी संचालक समेत कई पर केस

सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त: बिना नंबर प्लेट वाहन सीज, पहलवान लस्सी संचालक समेत कई पर केस

(रणभेरी): शहर में सुगम यातायात और अतिक्रमण पर लगाम कसने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल मंगलवार को खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने रथयात्रा, गुरुबाग, भेलूपुर चौराहा, रविंद्रपुरी रोड, लंका स्थित रविदास गेट और मालवीय चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रविदास गेट के पास सड़क पर अव्यवस्था फैलाने और यातायात बाधित करने पर ‘पहलवान लस्सी’ के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। मौके पर बिना नंबर प्लेट खड़े वाहनों को सीज कराया गया, जबकि संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अतिक्रमण और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क पर उतरकर पुलिस आयुक्त ने स्वयं बिना नंबर प्लेट के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित और सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

गुरुबाग क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर हर्ष सिंह, कृष्ण गुप्ता और कमलेश प्रसाद बारी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा सहित यातायात विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि आम जनता को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *