लैंडिंग से पहले फ्लाइट में हड़कंप: यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

लैंडिंग से पहले फ्लाइट में हड़कंप: यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

वाराणसी (रणभेरी): बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने हवा में ही इमरजेंसी एग्जिट खोलने का प्रयास किया। यह घटना उस वक्त हुई जब विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने ही वाला था और जमीन से करीब 500 फीट की ऊंचाई पर था।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और विमान को दोबारा ऊपर ले जाकर सुरक्षित दूरी बनाई। इसके बाद दोबारा प्रयास में विमान को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट शनिवार रात करीब 8:15 बजे बेंगलुरु से रवाना हुई थी। मऊ जिले के एक युवक, मोहम्मद अदनान, ने उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद पहली बार इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़ की थी। उस समय केबिन क्रू ने उसे समझाकर शांत करा दिया था।

हालांकि, लैंडिंग से ठीक पहले उसने दोबारा इमरजेंसी एग्जिट का बटन दबाने की कोशिश की। क्रू ने तुरंत पायलट को सूचना दी, जिसके बाद विमान को दोबारा ऊपर ले जाया गया और कुछ देर बाद सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

लैंडिंग के तुरंत बाद आरोपी यात्री को एयरलाइंस के सुरक्षाकर्मियों और सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया।

लैंडिंग से पहले फ्लाइट में हड़कंप: यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

पूछताछ के दौरान युवक ने पहले अपने व्यवहार के पीछे “अलौकिक कारण” बताने की कोशिश की, लेकिन बाद में कहा कि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है।

एयरलाइंस के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है। उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *