पार्किंग विवाद में फायरिंग से दहशत: गार्ड के बेटे ने युवक पर झोंकी गोली, श्याम बाजार में आधी रात हाई वोल्टेज ड्रामा

पार्किंग विवाद में फायरिंग से दहशत: गार्ड के बेटे ने युवक पर झोंकी गोली, श्याम बाजार में आधी रात हाई वोल्टेज ड्रामा

बैंक में घुसकर आरोपी ने खुद को किया बंद, पुलिस ने घेरा इलाका

वाराणसी (रणभेरी): कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पार्किंग के मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। मछोदरी के श्याम बाजार इलाके में एक बैंक गार्ड के बेटे ने युवक पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, सिकरौल निवासी अतुल कुमार मौर्य रात करीब 11 बजे एक मकान में साड़ी के विज्ञापन की शूटिंग कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद कार खड़ी करने को लेकर उनकी कहासुनी गार्ड गोरखनाथ यादव के बेटे मोनू से हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी मोनू बैंक के अंदर जाकर अपने पिता की लाइसेंसी राइफल उठा लाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने बिना देर किए अतुल पर निशाना साधकर गोली चला दी। अतुल ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को पीछे खींच लिया, जिससे गोली उनके कान के पास से निकल गई और उनकी जान बच गई। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

भीड़ का गुस्सा बढ़ता देख आरोपी बैंक के अंदर भाग गया और चैनल गेट बंद कर खुद को एक कमरे में कैद कर लिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *