वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर गुरुवार की शाम उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कारतूस मिलने की सूचना पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को विमान में सवार होने से रोक दिया और पूछताछ शुरू की।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम लगभग 5:10 बजे की है। बलिया जनपद के बेल्थरा रोड क्षेत्र (ग्राम चौकियां) निवासी 55 वर्षीय मंजूर आलम SpiceJet की फ्लाइट से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जब उनका हैंड बैग स्कैनर मशीन से गुजारा गया, तो उसमें संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। तलाशी लेने पर बैग से .32 बोर के चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
कारतूस मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फूलपुर थाना पुलिस ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान यात्री ने बताया कि उसके पास शस्त्र का वैध लाइसेंस है और वह अनजाने में कारतूस बैग में ही छोड़कर एयरपोर्ट पहुंच गया।
फूलपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यात्री द्वारा प्रस्तुत शस्त्र लाइसेंस की जांच की गई, जो पूरी तरह वैध पाया गया। यात्री ने अपनी भूल स्वीकार की है। पुलिस ने बरामद कारतूसों को कब्जे में लेकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और लिखापढ़ी पूरी की।
फिलहाल मामले में कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों से अपील कर रही हैं कि यात्रा से पहले अपने सामान की पूरी तरह जांच कर लें, ताकि इस तरह की स्थितियों से बचा जा सके।
