विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में सात दिनों तक चले विशेष शिविर में स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निभाई सक्रिय भूमिका
वाराणसी (रणभेरी): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को समापन हो गया। सात दिनों तक चले इस शिविर में स्वयंसेवकों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संस्थान के प्रो. अनुराग सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं से समाज सेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण मंच है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. रिंकी सिंह ने कहा कि शिविर के सात दिनों के दौरान स्वयंसेवकों के रहन-सहन, आपसी सहयोग और मित्रता की भावना ने एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासन और सक्रियता की सराहना करते हुए इसे उनके व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। समारोह की अध्यक्षता परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एनएसएस का मूल उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्वयंसेवकों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
समापन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। गीत, कविता पाठ और नृत्य के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे समारोह का माहौल जीवंत हो उठा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रमेश मिश्रा ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अविनाश सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. राम प्रकाश सिंह यादव, डॉ. महेश कुमार, डॉ. राजेश कुमार, सुमित घोष, डॉ. बेबी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने शिविर के अनुभव साझा करते हुए समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प भी लिया।
