वाराणसी में तारों का जाल खत्म करने की तैयारी, नगर निगम ने शुरू की कवायद

वाराणसी में तारों का जाल खत्म करने की तैयारी, नगर निगम ने शुरू की कवायद

वाराणसी (रणभेरी): शहर को स्मार्ट और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। शहर की सड़कों और गलियों में फैले बिजली व इंटरनेट के तारों के जाल को हटाने की योजना तैयार की गई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी इंटरनेट और डिश सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिया है कि शहर में बेतरतीब तरीके से लटक रहे तारों को जल्द से जल्द व्यवस्थित किया जाए। इस कार्य में स्मार्ट सिटी परियोजना भी सहयोग करेगी।

शहर में केबल होंगे भूमिगत

नगर आयुक्त ने रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा की। बैठक में सभी कंपनियों ने शहर को केबल मुक्त और व्यवस्थित बनाने की योजना का समर्थन किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने माना कि सड़कों और गलियों में फैले तारों का जाल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है और बाहर से आने वाले पर्यटकों पर इसका नकारात्मक असर पड़ता है।

नगर आयुक्त ने कहा कि काशी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर की छवि बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है कि तारों के इस जाल को खत्म कर केबल को जमीन के नीचे ले जाया जाए।

अंडरग्राउंड फाइबर नेटवर्क का होगा उपयोग

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन क्षेत्रों में पहले से अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) की व्यवस्था है, वहां कंपनियां अपने ओवरहेड तार हटाकर उन्हें भूमिगत नेटवर्क से जोड़ेंगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत बनाए गए यूटिलिटी डक्ट का भी इस्तेमाल केबल बिछाने के लिए किया जाएगा।

वाराणसी में तारों का जाल खत्म करने की तैयारी, नगर निगम ने शुरू की कवायद

कुछ स्थानों पर खंभों पर लटक रहे तारों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए एयरटेल की ओर से विशेष वायर कवरिंग बॉक्स का प्रस्ताव भी दिया गया है, जिसे परीक्षण के तौर पर लगाया जाएगा।

लहुराबीर-मैदागिन मार्ग से होगी शुरुआत

इस योजना की शुरुआत पहले चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख मार्गों से की जाएगी। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा। वहीं, मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी संकरी गलियों में जहां खंभे नहीं हैं, वहां स्थानीय भवन मालिकों की मदद से दीवारों पर क्लैंप लगाकर तारों को व्यवस्थित करने की योजना बनाई गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *