वाराणसी (रणभेरी): जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं कड़ी निगरानी के बीच संचालित हो रही हैं। शुक्रवार को पहली पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में जनपद से कुल 46,300 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,182 अनुपस्थित रहे। वहीं 44,118 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
इसी पाली में इंटरमीडिएट के कृषि शस्य विज्ञान विषय की परीक्षा भी संपन्न हुई। इस विषय में कुल 584 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 19 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। कुल 565 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है। प्रत्येक केंद्र की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से भी की जा रही है।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी
सभी 118 परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इन कैमरों को राजकीय क्वींस कॉलेज में बनाए गए केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा और एक विशेष टीम लगातार केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। किसी भी केंद्र पर संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल अलर्ट जारी किया जाएगा।
वहीं बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि बिना परिचय पत्र के कोई भी कार्मिक परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। साथ ही नियुक्त कर्मचारियों को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर ही उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन की सख्ती और तकनीकी निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है।
