वाराणसी में नाबालिग छात्रा लापता, सहपाठी पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

वाराणसी में नाबालिग छात्रा लापता, सहपाठी पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी को उसी के विद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

परिजनों के अनुसार, किशोरी रोज़ की तरह सेवापुरी क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी इंतजार के बाद जब परिजनों की चिंता बढ़ी, तो उन्होंने विद्यालय पहुंचकर जानकारी जुटाने की कोशिश की।

विद्यालय में पूछताछ के दौरान अन्य छात्रों ने बताया कि किशोरी को आख़िरी बार उसी की कक्षा के एक छात्र के साथ देखा गया था। इस सूचना के बाद परिजनों ने पूरी रात आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

अगले दिन परिजनों ने कपसेठी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद छात्र के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, वहीं विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किशोरी और आरोपी छात्र की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि किशोरी को जल्द सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा जाएगा। इधर, परिजनों ने पुलिस प्रशासन से बेटी की शीघ्र खोजबीन और सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *