वाराणसी (रणभेरी): धार्मिक नगरी वाराणसी में आगामी चैत्र नवरात्र के मद्देनज़र नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। पर्व के दौरान नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी मीट-मछली की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह निर्णय महापौर अशोक तिवारी ने स्मार्ट सिटी सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान लिया। उन्होंने कहा कि 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए शहर का माहौल धार्मिक और स्वच्छ बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम सीमा में आने वाले सभी पुराने और नए क्षेत्रों में यह नियम लागू रहेगा। विशेष रूप से प्रमुख मंदिरों के आसपास निगरानी बढ़ाई जाएगी। यदि नवरात्र के दौरान कहीं भी मीट-मछली की दुकानें खुली मिलीं तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बैठक में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र से पहले देवी मंदिरों तक जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत और पैचवर्क कराया जाए। साथ ही शहर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने का छिड़काव करने के भी निर्देश दिए गए।
जलकल विभाग को सख्त निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की शिकायत नहीं आनी चाहिए और शहर में पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। वहीं आलोक विभाग को मंदिरों को जोड़ने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए नवरात्र के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
