पड़ाव में महिंद्रा शोरूम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग : दमकल गाड़ी ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

पड़ाव में महिंद्रा शोरूम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग : दमकल गाड़ी ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

वाराणसी/चंदौली (रणभेरी)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर चौकी अंतर्गत स्थित महिंद्रा एंड महिंद्रा के शोरूम में मंगलवार देर शाम शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। जलीलपुर चौकी इंचार्ज अभिषेक शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व किया। वहीं मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब घंटों की कोशिश के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। इस दौरान शोरूम के अंदर रखे कई वाहन और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

शोरूम के मालिक अंकित मिश्रा ने बताया कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आर्थिक नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *