वाराणसी (रणभेरी): शहर के नई सड़क क्षेत्र में बीती रात एक होटल में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब होटल में ठहरे कई यात्री गहरी नींद में थे। आग की लपटें अचानक उठती देख इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
सूचना मिलते ही दशाश्वमेध क्षेत्र के एसीपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही चेतगंज फायर सर्विस को भी बुलाया गया। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस हादसे में कुल पांच यात्री झुलस गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग रात करीब एक बजे के बाद होटल एचएम इंटरनेशनल में लगी, जो फरहान होटल के पास स्थित है। पहले पहली मंजिल की बालकनी से धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं, जिसके बाद अंदर मौजूद लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे। आसपास के लोगों ने तत्काल मदद शुरू करते हुए कुछ यात्रियों को नीचे के हिस्से से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलने के करीब दस मिनट के भीतर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग पहली मंजिल के सामने वाले हिस्से में फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण राहत कार्य में कठिनाई आई। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। झुलसे हुए लोगों में हरियाणा के रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी मंजीत, उनके दो बच्चे (शिवाय, 7 वर्ष और शानवी, 4 वर्ष), तथा मुंबई निवासी साहिल शामिल हैं। इनमें से कुछ का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है।
