पीएम के हाथों संवरेगा काशी का बुनियादी ढांचा

पीएम के हाथों संवरेगा काशी का बुनियादी ढांचा

अमृत योजना से मिलेगी 259 करोड़ की सौगात

वाराणसी (रणभेरी)। काशी एक बार फिर अपने सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को तैयार है। अप्रैल में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री अमृत 2.0 योजना के तहत करीब 259 करोड़ रुपये की तीन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। इन योजनाओं के जरिए शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही हजारों घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा। नगर निगम के अनुसार 18 जर्जर वार्डों के कायाकल्प के लिए 33.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी दूसरी किस्त भी जारी हो चुकी है। रामनगर क्षेत्र को इस दौरे से विशेष लाभ मिलेगा।

यहां करीब 190.09 करोड़ रुपये से सीवर लाइन और 34.77 करोड़ रुपये से पेयजल पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत 69.98 किमी ब्रांच लाइन, 3.4 किमी राइजिंग मेन लाइन, 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी और दो पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा सूजाबाद जोन में भी 35 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को मंजूरी मिली है। नगर निगम के नए आधुनिक ‘सदन भवन’ के निर्माण के लिए 98 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास भी इसी दौरे में प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री का यह दौरा काशी को स्मार्ट सिटी के रूप में और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *