काशी के बच्चे अब सीखेंगे ड्रोन और रोबोट बनाना

काशी के बच्चे अब सीखेंगे ड्रोन और रोबोट बनाना

50 लाख की लागत से पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में बन रहा प्रदेश का पहला रोबोटिक लैब

वाराणसी (रणभेरी):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में तकनीकी शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर के पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में 50 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक रोबोटिक लैब तैयार हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के किसी राजकीय कॉलेज में बनने वाला पहला ऐसा लैब होगा, जहां छात्र ड्रोन, रोबोट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

कॉलेज के प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, इस लैब में प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा। विशेष बात यह है कि आईआईटी बड़ोदरा और बीएचयू के विशेषज्ञ समय-समय पर छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। लैब की स्थापना में आईआईटी वडोदरा के डायरेक्टर प्रो. धर्मेंद्र सिंह का विशेष योगदान बताया जा रहा है, जो इसी कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। करीब 235 वर्ष पुराने इस संस्थान में वर्तमान में 2400 छात्र अध्ययनरत हैं। इस पहल से वाराणसी के 34 राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जिससे काशी के युवा तकनीक के क्षेत्र में नई उड़ान भर सकेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *