कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी प्रकरण में फरार आरोपी के घर मुनादी, कोर्ट में पेश होने का निर्देश

कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी प्रकरण में फरार आरोपी के घर मुनादी, कोर्ट में पेश होने का निर्देश

वाराणसी (रणभेरी): कोडीन मिश्रित कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रशांत उपाध्याय के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर पहुंचकर डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और अदालत में हाजिर होने का नोटिस चस्पा किया।

पुलिस के अनुसार, भेलूपुर थाना क्षेत्र के विरदोपुर स्थित शंकरपुरी कॉलोनी और मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली इलाके में स्थित सेंट जॉन्स कॉलोनी में आरोपी के मकानों पर नोटिस लगाए गए। इसमें उसे 30 मार्च तक एसीजेएम फास्ट ट्रैक कोर्ट में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

कोतवाली क्षेत्र के एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) की अदालत ने 26 मार्च को उद्घोषणा नोटिस जारी किया था, जिसके अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर भी नोटिस चस्पा कर लोगों को इसकी जानकारी दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्धारित तिथि तक अदालत में पेश न होने पर आगे और कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि कोडीन युक्त न्यू फेंसेडिल कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका है। इस कार्रवाई में एसआईटी और स्थानीय पुलिस के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *