वाराणसी (रणभेरी) : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शनिवार को ख़ुशीपुर स्थित समेकित क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी) वाराणसी के अस्थायी भवन तथा क्रॉस डिसेबिलिटी शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने फीता काटकर इन सुविधाओं का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद मंत्री ने केंद्र में चल रही पुनर्वास सेवाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और दिव्यांगजनों के हित में संचालित सेवाओं की सराहना की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए तथा अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक इसका लाभ पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री दिव्यांग केंद्र, वाराणसी के माध्यम से कई वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे संस्थान समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सीआरसी वाराणसी के निदेशक डॉ. आशीष कुमार झा सहित जनरल काउंसिल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान, नई दिल्ली की सदस्य कमलजीत कौर गिल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तम ओझा, नमो नारायण पाठक, आशीष परासर, अंशू शाही, दिनेश जायसवाल और अनिल यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
