सीएचएस नोटिफिकेशन पर उठे सवाल, बालिकाओं के लिए कक्षा 9 में शून्य सीट पर विरोध
वाराणसी (रणभेरी): बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मधुवन परिसर में गुरुवार को छात्रों ने सीएचएस की वर्ष 2026 की प्रवेश प्रक्रिया में कथित विसंगतियों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कक्षा 9 में बालिकाओं के लिए सीटों की संख्या शून्य किए जाने पर कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह निर्णय प्रतिभाशाली छात्राओं के साथ अन्याय है और संस्थान की गरिमा पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने मांग की कि कक्षा 9 में अतिरिक्त सेक्शन बनाए जाएं या फिर पूरे सीएचएस में प्रवेश परीक्षा के आधार पर पारदर्शी चयन प्रक्रिया लागू की जाए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कोरोना काल से कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा स्थगित है, जिसे अब तक बहाल नहीं किया गया। उन्होंने मेरिट आधारित परीक्षा प्रणाली पुनः लागू करने, लॉटरी व्यवस्था की वैधानिक समीक्षा कराने तथा ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं के लिए विशेष प्रावधान सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने अपनी मांगों को संकलित कर प्रधानमंत्री को पत्र भेजा है और निष्पक्ष समाधान तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
