वाराणसी में बेटे ने मां की हत्या की : शराब के लिए पैसे नहीं देने पर ईंट और लोहे की रॉड से सिर कूंचा

वाराणसी में बेटे ने मां की हत्या की : शराब के लिए पैसे नहीं देने पर ईंट और लोहे की रॉड से सिर कूंचा

वाराणसी (रणभेरी): शहर के मंडुवाडीह क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी।

आरोप है कि उसने ईंट और लोहे की रॉड से हमला कर मां का सिर कुचल दिया। वारदात के बाद आरोपी खून से सना हुआ घर से बाहर निकला और आसपास के लोगों के सामने खुद ही मां की हत्या करने की बात कह दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार मंडुवाडीह की रहने वाली 62 वर्षीय शिला देवी अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें घनश्याम सबसे छोटा है। बताया जा रहा है कि घनश्याम को नशे की लत है और वह अक्सर घर में शराब के लिए पैसे मांगता रहता था।

सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे भी उसने अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मां के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर घनश्याम ने घर में रखी ईंट और लोहे की रॉड उठाकर मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शिला देवी वहीं गिर पड़ीं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इलाके में मचा हड़कंप

मां की हत्या की खबर फैलते ही पूरे मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *