- बेटे ने पुलिस को फोन कर दी जानकारी, बोला- पापा ने नाना को मार डाला
- शराब के नशे में घर पहुंचा था आरोपी, गाली-गलौज के बाद हुआ खूनी झगड़ा
- पत्नी रोकती रही, बच्चे रोते-चिल्लाते रहे लेकिन नहीं माना दामाद
- हत्या के बाद घर में ही बैठा रहा आरोपी, पुलिस ने हिरासत में लिया
वाराणसी (रणभेरी) : वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जमीनी विवाद के चलते दामाद ने अपने ही ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दौरान पत्नी लगातार पति को रोकती रही और बच्चे भी चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी। हत्या के बाद वह घर में ही बैठा रहा।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना खुद आरोपी के 12 वर्षीय बेटे ने पुलिस को फोन कर दी। उसने कहा कि उसके पिता ने उसके नाना की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बड़ागांव निवासी किशोरी के रूप में हुई है। करीब 13 साल पहले उन्होंने अपनी बेटी नीतू की शादी शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई निवासी संजय कुमार से की थी। शादी के बाद संजय ससुराल में ही रह रहा था। संजय और नीतू के तीन बेटे हैं-आयुष (12),अंश (10) और अन्वय (8)।
परिवार के अनुसार, करीब दो साल पहले किशोरी ने अपनी जमीन बेच दी थी। उसी के पैसों को लेकर दामाद और ससुर के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
मृतक की बेटी नीतू ने बताया कि गुरुवार शाम संजय मजदूरी करके घर लौटा और वह शराब के नशे में था। रात करीब 8 बजे उसके पिता किशोरी भी ट्रॉली चलाकर घर आए। इसी दौरान संजय ने गाली-गलौज शुरू कर दी।जब नीतू ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसने उसे भी अपशब्द कहे।

देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान बच्चों ने भी अपने पिता को नाना को मारने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें डांटकर भगा दिया। इसके बाद उसने पहले ससुर के सीने पर वार किया और फिर गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद नीतू के शोर मचाने पर आसपास के लोग घर पहुंचे और डॉक्टर को बुलाया, लेकिन तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद बच्चों में से बड़े बेटे आयुष ने पुलिस को सूचना दी। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
