वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के दशाश्वमेध थाने में एक महिला की शिकायत पर रामनगर निवासी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि युवक उसकी बेटी पर लगातार शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा है।
साथ ही वह युवती की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा था। पीड़िता की मां के मुताबिक, आरोपी दीपू सहानी (निवासी कटेसर, रामनगर) कई दिनों से उनके घर के आसपास मंडराता रहता था और कभी खिड़की तो कभी दरवाजा पीटकर परिवार को परेशान करता था। डर के कारण परिवार ने बेटी का स्कूल जाना भी बंद करा दिया था।
महिला ने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी को परीक्षा देने जा रही बेटी को जंगमबाड़ी के पास आरोपी ने रोक लिया। विरोध करने पर वह उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गया, जिसके बैक कवर में रखे 5 हजार रुपये भी चले गए।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर बीएनएस की धारा 78(2), 79, 304(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रखा गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
