वाराणसी में 3 साल की बेटी संग महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पति की आंखों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

वाराणसी में 3 साल की बेटी संग महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पति की आंखों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी के साथ ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला का शरीर कई टुकड़ों में बंट गया, जबकि बच्ची की भी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना चौखंडी रेलवे लाइन के पास शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ दवा लेने बाजार जा रही थी। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचते ही उसने अचानक पटरी की ओर दौड़ लगा दी।

महिला को पटरी की ओर भागते देख पति शोर मचाते हुए उसे रोकने के लिए पीछे दौड़ा, लेकिन तब तक सामने से आ रही सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन बेहद करीब पहुंच चुकी थी। कुछ ही क्षण में मां-बेटी ट्रेन के इंजन से टकरा गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पत्नी और बेटी के शव देखकर पति मौके पर ही फूट-फूटकर रोने लगा। सूचना मिलने पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वाराणसी में 3 साल की बेटी संग महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पति की आंखों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

होली पर घर आया था पति

जानकारी के अनुसार, जंसा क्षेत्र के लच्छीपुर गांव की रहने वाली 22 वर्षीय अनीता देवी अपने तीन साल की बेटी दर्शना के साथ रहती थीं। उनके पति अजीत कुमार मुंबई में पिछले चार वर्षों से नौकरी करते हैं। होली के त्योहार पर वह छुट्टी लेकर घर आए थे।

परिजनों का कहना है कि अजीत की नौकरी के कारण उसे कम ही छुट्टी मिल पाती थी, जिससे वह लंबे समय तक घर से दूर रहता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अनीता अपनी बेटी के साथ घर से बाहर निकल गई।

मायके पक्ष ने लगाए आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही महिला के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। महिला के पिता बद्रीप्रसाद ने दामाद पर आरोप लगाया कि वह अक्सर अनीता से विवाद करता था। उनके मुताबिक अनीता पिछले करीब तीन साल से मायके में रह रही थी और सोमवार को ही पति उसे वापस ससुराल लेकर आया था।

पति का अलग दावा

वहीं पति अजीत कुमार का कहना है कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी और वह दवा लेने के लिए उसके साथ बाजार जा रही थी। चौखंडी रेलवे लाइन के पास पत्नी ने सहेली से मिलने की बात कहकर पटरी पार करनी चाही। इसी दौरान ट्रेन आ गई और वह उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *