विश्वनाथ मंदिर में अवैध वसूली का भंडाफोड़

विश्वनाथ मंदिर में अवैध वसूली का भंडाफोड़

9 आरोपी गिरफ्तार, सुगम दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा

वाराणसी (रणभेरी): काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई सरस्वती फाटक, गेट नंबर दो के पास की, जहां आरोपी सुगम और शीघ्र दर्शन कराने का झांसा देकर श्रद्धालुओं से पैसे ऐंठ रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ये लोग मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बहला-फुसलाकर उन्हें विशेष व्यवस्था के नाम पर जल्दी दर्शन कराने का भरोसा दिलाते थे और इसके बदले मनमानी रकम वसूलते थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर निगरानी शुरू की और मौके पर दबिश देकर सभी आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकद धनराशि भी बरामद हुई है, जिसे अवैध वसूली का हिस्सा बताया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लंबे समय से इस धंधे में लिप्त थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक व्यवस्था के तहत ही दर्शन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *