वाराणसी (रणभेरी): होली के मद्देनज़र हवाई यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दक्षिण और पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों में भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को Akasa Air की वाराणसी-बेंगलुरु फ्लाइट पूरी क्षमता के साथ रवाना हुई, जिसमें 173 यात्री सवार थे। वहीं बेंगलुरु से वाराणसी पहुंची शाम की फ्लाइट में 188 यात्रियों ने सफर किया।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक वाराणसी-बेंगलुरु सेक्टर अब व्यस्त श्रेणी में शामिल हो चुका है। व्यापार, शिक्षा और धार्मिक यात्रा के कारण इस रूट पर लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। एयरलाइन अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित संचालन के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इसी तरह नवी मुंबई से वाराणसी शुरू हुई नई उड़ानों को भी यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। सुबह पहुंची फ्लाइट में 185 यात्री बाबतपुर एयरपोर्ट उतरे और दोनों दिशाओं की उड़ानें पूरी तरह भरी रहीं।
होली पर घर लौटना मुश्किल, किराया आसमान पर
रंगों के त्योहार में अब महज 15 दिन शेष हैं। महानगरों में काम करने वाले लोग घर लौटने की तैयारी में जुट गए हैं, जिससे टिकटों की मांग अचानक बढ़ गई है। स्थिति यह है कि विमानों में केवल 2 प्रतिशत सीटें ही बची हैं और किराया दोगुना से भी अधिक हो गया है।
एयरलाइंस ने सीमित सीटों और बढ़ती मांग के चलते किराए में भारी वृद्धि कर दी है। प्रमुख शहरों से वाराणसी आने के लिए मौजूदा किराया इस प्रकार है—
मुंबई से वाराणसी: IndiGo – ₹8998
Air India Express – ₹9272
अकासा – ₹8964
Air India – ₹16193
दिल्ली से वाराणसी:इंडिगो – ₹6189
एयर इंडिया एक्सप्रेस – ₹6573
अकासा – ₹13507
एयर इंडिया – ₹8968
पुणे से वाराणसी:इंडिगो – ₹7068
एयर इंडिया – ₹16541
विशेषज्ञों का मानना है कि होली तक किराए में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे जल्द से जल्द टिकट बुक कर लें, वरना घर वापसी महंगी पड़ सकती है।
