(रणभेरी): मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बसारधपुर स्थित फोरलेन पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बालू लदे दो ट्रेलरों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोयला लदे ट्रेलर में तुरंत आग लग गई और चालक की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृत चालक की पहचान झारखंड के चोपारन निवासी 26 वर्षीय संदीप राना के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रेलर पूरी तरह जल गया था, जिससे चालक की पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया। आग पर काबू पाने के बाद ट्रेलर के अगले हिस्से में फंसे शव की पहचान दांतों के आधार पर की गई, जबकि वाहन की पहचान उसमें लगे जीपीएस से संभव हो सकी।
आधे घंटे बाद पहुंची दमकल, दो घंटे में बुझी आग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोरखपुर की दिशा में जा रहे बालू लदे दो ट्रेलर फोरलेन पर खड़े थे और उनके चालक आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कोलकाता से कोयला लेकर वाराणसी की ओर जा रहा ट्रेलर पीछे से आकर उनसे टकरा गया और देखते ही देखते उसमें भीषण आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दो बड़े फायर टेंडरों की मदद से करीब सात हजार लीटर पानी डालकर लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक ट्रेलर पूरी तरह जल चुका था।
आग की लपटें देख मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। आग बुझाने के दौरान एक लेन पर यातायात रोकना पड़ा और पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही कराई।
जांच शुरू, परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खड़े बालू लदे ट्रेलरों के चालकों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। ट्रेलर के मालिक और मृत चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।
