वाराणसी (रणभेरी): सिगरा थाना क्षेत्र स्थित सोनिया इलाके में मंगलवार शाम पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। घरेलू कहासुनी के बाद 35 वर्षीय पान विक्रेता ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी ने भी घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज मंडलीय अस्पताल में जारी है।
अलग-अलग कमरों में खुद को किया बंद
पुलिस के अनुसार, सोनिया निवासी संदीप प्रजापति (35) का अपनी पत्नी अनीता (31) से लंबे समय से घरेलू मुद्दों को लेकर विवाद चलता रहा था। मंगलवार को भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने खुद को अलग-अलग कमरों में बंद कर लिया।कुछ देर बाद घर से तेज आवाज सुनाई दी। परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो संदीप पंखे के कुंडे से लटका मिला। उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पति की मौत से आहत पत्नी ने उठाया कदम
पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी सदमे में आ गई। बताया जाता है कि वह चुपके से स्टोर रूम में गई और वहां रखा चूहे मारने का जहर खा लिया। थोड़ी ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
दंपती की शादी को करीब 14 वर्ष हो चुके थे। उनके तीन बच्चे हैं—दो बेटे (12 और 8 वर्ष) और एक 6 वर्षीय बेटी। घटना के बाद घर में मातम पसरा है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
एसीपी चेतगंज ईशान सोनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह का प्रतीत होता है। सिगरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
