फरार सेक्स रैकेट संचालक व माता-पिता पर केस, मुखबिर बताकर धमकाने का आरोप
वाराणसी (रणभेरी): शहर में पकड़े गए सेक्स रैकेट से जुड़ा मामला अब ब्लैकमेल और साइबर उत्पीड़न तक पहुंच गया है। एक युवती ने फरार चल रहे कथित सेक्स रैकेट संचालक पर उसका निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोपी के माता-पिता पर भी लगातार धमकाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की चेतावनी देने का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी समीर सिद्दीकी तथा उसके माता-पिता दाऊद सिद्दीकी और शबनम बानो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 12 दिन पहले कैंट थाना क्षेत्र के खजुरी स्थित आजाद नगर कॉलोनी में पकड़े गए सेक्स रैकेट से जुड़ा है। उस दौरान पुलिस ने छापेमारी कर समीर की पत्नी तरन्नुम को गिरफ्तार किया था, जबकि समीर फरार हो गया था।
युवती का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बाद से आरोपी परिवार उसे ही मुखबिर बताकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। उसका कहना है कि निजी वीडियो सार्वजनिक कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 351(3) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है।
