महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था का सैलाब, सुबह 9 बजे तक 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था का सैलाब, सुबह 9 बजे तक 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

वाराणसी (रणभेरी): महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार सुबह से ही काशी में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। मंदिर कॉरिडोर से लेकर आसपास की गलियों, सड़कों और घाटों तक “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे।

मंदिर प्रशासन के अनुसार मंगला आरती के बाद पहले ही घंटे में लगभग 30 से 40 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुबह 6:40 बजे तक यह संख्या करीब 1.60 लाख पहुंच गई, जबकि 7 बजे के बाद यह आंकड़ा 2 लाख पार कर गया। सुबह 9 बजे तक लगभग 4 लाख भक्त बाबा के दर्शन कर चुके थे। महाशिवरात्रि के अवसर पर 45 घंटे तक स्पर्श दर्शन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था का सैलाब, सुबह 9 बजे तक 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

रात से ही लगी रही कतारें

शनिवार देर रात से ही श्रद्धालु मंदिर के आसपास पहुंचने लगे थे। आधी रात के बाद मंदिर परिसर के चारों ओर लगभग दो किलोमीटर तक लंबी लाइन लग गई। देश के विभिन्न राज्यों से आए भक्तों ने पूरी रात बैरिकेडिंग में खड़े होकर दर्शन का इंतजार किया। भोर होते ही गंगा स्नान कर श्रद्धालु कतारों में शामिल हो गए।

घाटों और शहर में भक्तों की भीड़

दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया और मैदागिन क्षेत्र में शाम से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा दिखा। रात ढलते ही बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान कर बाबा के दर्शन के लिए कतारों में लग गए। पूरे शहर में शिवभक्ति का उत्साह नजर आया और काशी के अन्य शिवालयों में भी भारी भीड़ रही।

महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था का सैलाब, सुबह 9 बजे तक 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार मुस्तैद रहे। मंदिर के ढुंढिराज गेट, गंगाद्वार और सरस्वती फाटक समेत सभी प्रवेश द्वारों से दर्शन की व्यवस्था की गई। घाटों पर जल पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीमों को भी तैनात किया गया है।मार्कंडेय महादेव मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था का सैलाब, सुबह 9 बजे तक 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

शहर के अन्य मंदिरों में भी उमड़ी भीड़

दुर्गा कुंड मंदिर सहित शहर के कई प्रमुख मंदिरों में सुबह से जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने दर्शन के बाद मंदिर परिसर में भ्रमण किया और धार्मिक उत्सव का आनंद लिया।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था और श्रद्धा का यह महासंगम देर रात तक जारी रहने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *