वाराणसी में कोचिंग संचालक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की धमकी; FIR दर्ज

वाराणसी में कोचिंग संचालक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की धमकी; FIR दर्ज

कोचिंग छोड़ने पर रास्ते में रोककर करता था मारपीट , पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक छात्रा ने कोचिंग संचालक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा का कहना है कि कोचिंग संचालक ने पहले उसके साथ छेड़छाड़ की और बाद में जबरदस्ती कर आपत्तिजनक वीडियो बना ली। अब वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान कर रहा है।

पीड़िता के अनुसार, वह दौलतपुर-पहाड़िया इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती थी। वहां के संचालक अमित कुमार शुरुआत से ही उसके साथ गलत व्यवहार करते थे। छात्रा का आरोप है कि कोचिंग में पढ़ाई के दौरान आरोपी ने कई बार उससे अभद्रता की और विरोध करने पर मारपीट भी की। इसी दौरान उसने दबाव बनाकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली।

कोचिंग छोड़ने के बाद बढ़ी धमकियां

छात्रा ने बताया कि बदनामी के डर से उसने कोचिंग जाना बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी रास्ते में रोककर उसे परेशान करने लगा और दोबारा कोचिंग आने का दबाव बनाने लगा। युवती का कहना है कि आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है, जिससे वह डर के साये में जी रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *