IIT BHU टेक्नेक्स में पहुंचे फेरारी के CEO: काशी में पत्नी संग गंगा घाटों का किया भ्रमण,

IIT BHU टेक्नेक्स में पहुंचे फेरारी के CEO: काशी में पत्नी संग गंगा घाटों का किया भ्रमण,

रोबोट ने कहा ‘जय हिंद’, दिखी रोबोटिक्स और लग्जरी इंजीनियरिंग की झलक

वाराणसी (रणभेरी): आईआईटी बीएचयू में आयोजित टेक्नोलॉजी फेस्ट टेक्नेक्स के 87वें संस्करण का भव्य आगाज हुआ। तीन दिन तक चलने वाले इस तकनीकी उत्सव में देश-विदेश की आधुनिक तकनीक, रोबोटिक्स और ऑटोमोबाइल से जुड़ी प्रदर्शनी छात्रों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फेरारी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बेनेडेटो विग्ना वाराणसी पहुंचे।

काशी पहुंचने के बाद विग्ना ने सबसे पहले अपनी पत्नी के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने गंगा में नाव से विभिन्न घाटों का भ्रमण कर शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव किया।

रोबोट ने कहा ‘जय हिंद’, छात्रों में उत्साह

फेस्ट के उद्घाटन समारोह में तकनीक का अनोखा नजारा देखने को मिला। यूनिट्री जी-1 ह्यूमनॉइड रोबोट ने सेना के एक जवान के साथ फोटो खिंचवाई और हाथ हिलाकर “जय हिंद” कहा। इस पल ने कार्यक्रम में मौजूद छात्रों और आगंतुकों का खासा उत्साह बढ़ा दिया।

ऑटो एक्सपो और डिफेंस प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

टेक्नेक्स के पहले दिन कैंपस में ऑटो एक्सपो और डिफेंस प्रदर्शनी आयोजित की गई। ऑटो एक्सपो में फेरारी सहित कई लग्जरी कारों को प्रदर्शित किया गया, जहां लोगों ने उनकी इंजीनियरिंग और डिजाइन को करीब से देखा। वहीं डिफेंस प्रदर्शनी में भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स के उपकरण, ड्रोन, नाइट-विजन डिवाइस, सैन्य वाहन और आधुनिक हथियारों की जानकारी दी गई। कई उपकरणों को करीब से देखने और समझने का अवसर भी छात्रों को मिला।

रोबोटिक्स और नई तकनीकों का प्रदर्शन

स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में यूनिट्री रोबोटिक्स के ह्यूमनॉइड रोबोट ने डांस परफॉर्मेंस देकर सभी का ध्यान खींचा। इसके अलावा क्वाड्रुपेड रोबोट और न्यूरो-हेल्थ डिवाइस का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। जापान से आई टीम ने 3-डी मैपिंग और होलोग्राफिक तकनीक का प्रदर्शन किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्केलेटन डांस ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

थिंक टॉक में विशेषज्ञों से संवाद

फेस्ट के दौरान आयोजित “थिंक टॉक” लेक्चर सीरीज में फेरारी के सीईओ बेनेडेटो विग्ना छात्रों के साथ लग्जरी इंजीनियरिंग और ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी बी.एम. करियप्पा, पूर्व स्पेशल फोर्स अधिकारी सुशांत सिंह और आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा भी नेतृत्व, राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सेवा से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।

काशी से खास लगाव

बेनेडेटो विग्ना ने कहा कि यह उनका काशी आने का लगभग 50वां मौका है और उन्हें यह शहर बेहद पसंद है। उन्होंने बताया कि फेरारी की पहली इलेक्ट्रिक कार का नाम ‘फेरारी लूचे’ रखा गया है, जिसका अर्थ ‘रोशनी’ होता है। काशी को भी ‘प्रकाश का शहर’ कहा जाता है, इसलिए यह नाम उनके लिए खास मायने रखता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *