वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत ठठरा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय महिला पहलवान निधि सिंह का शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। निधि को गंभीर अवस्था में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निधि सिंह ने बुधवार दोपहर अपने घर के दूसरे तल पर बने कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। काफी देर तक नीचे न आने पर उनके भाई शिवम सिंह कमरे में पहुंचे, जहां निधि अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिलीं। परिजन तत्काल उन्हें कछवां रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत Banaras Hindu University के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान शुक्रवार भोर में निधि सिंह ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से मौत की सूचना लंका पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों और सल्फास सेवन की आशंका के चलते पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद ही शव सौंपने की बात कही। दोपहर में पोस्टमार्टम की कार्रवाई संपन्न हुई।
निधि सिंह के पिता श्रीप्रकाश सिंह का वर्षों पहले सड़क हादसे में निधन हो चुका था, जबकि माता ममता सिंह की मृत्यु बीमारी के कारण लगभग 15 वर्ष पूर्व हुई थी। चार भाई-बहनों में निधि तीसरे स्थान पर थीं। उन्होंने स्नातक (बी.ए.) तक की पढ़ाई पूरी की थी।
खेल जगत में निधि की अलग पहचान थी। कुश्ती के अखाड़े में उन्होंने जिले ही नहीं, बल्कि विभिन्न राज्यों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक और शील्ड अपने नाम किए थे। उनकी असमय मौत से खेल प्रेमियों में गहरा शोक है।
मृतका की दादी श्यामा देवी ने बताया कि निधि कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। परिवार द्वारा बार-बार पूछने के बावजूद वह अपनी परेशानी साझा नहीं कर पाईं।
घटना की जानकारी मिलने पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय एवं कछवां रोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
