वाराणसी में दहेज उत्पीड़न का मामला: विवाहिता ने पति व ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

वाराणसी में दहेज उत्पीड़न का मामला: विवाहिता ने पति व ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

वाराणसी (रणभेरी): दहेज की अतिरिक्त मांग और कथित अवैध संबंधों से त्रस्त एक विवाहिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस का सहारा लिया है। रोहनियां थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस आयुक्त (महिला) को प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह 14 जून 2020 को भदोही जनपद के एक युवक से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार नगद धनराशि, बाइक और घरेलू सामान दिया था। शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ताने और दबाव बढ़ने लगे। आरोप है कि रंगीन टीवी, फ्रिज और सोने की चेन लाने की मांग की जाती थी।

महिला का कहना है कि मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसे कई बार मायके लौटना पड़ा। पारिवारिक पंचायत के बाद वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ गए। उसने आरोप लगाया कि उसके पति का पड़ोस की एक महिला से निकट संबंध हो गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता ने 16 जून 2024 की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उस दिन उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गई। उसने अपने भाई को फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद उसे मायके लाकर उपचार कराया गया।

बताया जा रहा है कि पिछले लगभग एक वर्ष से महिला अपने मायके में रह रही है। उसका आरोप है कि पति न तो उसका और न ही उसके बेटे का भरण-पोषण कर रहा है। फोन पर संपर्क करने पर भी उसे कथित रूप से धमकियां दी जाती हैं।

महिला ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और अपनी तथा अपने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।इस संबंध में रोहनिया थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *