वाराणसी (रणभेरी): भीषण ठंड, घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए वाराणसी जिले में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 9 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश के तहत प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के समस्त बोर्ड के विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ती ठंड, घना कोहरा और शीतलहर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस अवधि में किसी भी विद्यालय में बच्चों को नहीं बुलाया जाएगा। यदि कोई स्कूल खुला पाया गया या बच्चों को बुलाया गया, तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।सभी बोर्डों को भेजा गया आदेशबीएसए कार्यालय द्वारा यह आदेश राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों को भेज दिया गया है।
हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि स्कूलों का स्टाफ और शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचेंगे और प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों का संपादन करेंगे।मौसम विभाग का अलर्टभारतीय मौसम विभाग (IMD) ने वाराणसी में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 7 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे शीतलहर का प्रभाव और बढ़ेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और जारी आदेशों का पालन करें।
