विशाल शंख चौराहे से श्रद्धालुओं का होगा भव्य स्वागत

विशाल शंख चौराहे से श्रद्धालुओं का होगा भव्य स्वागत

मोहनसराय में बनेगा दो मंजिला इमारत जितना ऊंचा शंख, होगा काशी का नया आकर्षण

वाराणसी (रणभेरी): धर्म और संस्कृति की नगरी वाराणसी की पहचान को और भव्य बनाने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण ने शहर के प्रवेश द्वारों के सुंदरीकरण की योजना शुरू की है। इसी क्रम में मोहनसराय स्थित प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर एक भव्य शंख चौराहा विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले समय में शहर की धार्मिक पहचान और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस परियोजना के तहत यहां स्थापित किया जाने वाला विशाल शंख आकार में लगभग दो मंजिला इमारत जितना ऊंचा होगा। सफेद मकराना पत्थरों से तैयार यह शंख करीब 6 मीटर ऊंचा और 8 मीटर लंबा होगा। वर्तमान में लखनऊ के कारीगर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं, जिसके बाद इसे वाराणसी लाकर स्थापित किया जाएगा।

परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर विनय कुमार ने बताया कि इस विशाल संरचना को मजबूत आधार देने के लिए 15 मीटर का विशेष प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। शंख के चारों ओर छह स्तंभ बनाए जाएंगे, जिन पर भगवान शिव से जुड़े प्रतीकों को उकेरा जाएगा। इन स्तंभों पर डमरू, त्रिशूल, नंदी और नमस्ते मुद्रा में हाथ की आकृतियां काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगी।

रात्रि में इस स्थल की सुंदरता बढ़ाने के लिए विशेष लाइटिंग और आधुनिक झरनों की भी व्यवस्था की जाएगी। प्रयागराज की ओर से आने वाले अधिकांश श्रद्धालु इसी मार्ग से काशी विश्वनाथ मंदिर की नगरी में प्रवेश करते हैं, इसलिए इसे शहर के भव्य प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के करीब 50 से अधिक चौराहों का सुंदरीकरण भी किया जा रहा है, जहां विभिन्न धार्मिक प्रतीकों की स्थापना कर काशी की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त बनाया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *