काशी में अचानक उमड़ी भीड़, शहर के कई इलाके जाम से बेहाल; आरती के समय पुलिस के छूटे पसीने

काशी में अचानक उमड़ी भीड़, शहर के कई इलाके जाम से बेहाल; आरती के समय पुलिस के छूटे पसीने

वाराणसी (रणभेरी ): Varanasi में सोमवार शाम अचानक बढ़ी भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। दूर-दराज से आए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में लंबा जाम लग गया। शाम होते-होते चौक, मैदागिन, गोदौलिया, दशाश्वमेध, मंडुवाडीह सहित कई क्षेत्रों में वाहन रेंगते नजर आए।

शाम करीब 6 बजे के बाद चौक क्षेत्र की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। सड़कों के साथ-साथ आसपास की तंग गलियों में भी लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई लोगों को घुटन जैसी स्थिति महसूस होने लगी। हर तरफ जाम में फंसे वाहन और परेशान लोग दिखाई दिए।

गोदौलिया से Dashashwamedh Ghat तक जाने वाले मार्ग पर गंगा आरती के समय भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। भारी भीड़ के कारण पुलिस को बार-बार रास्ता खाली कराना पड़ा, लेकिन श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या इतनी अधिक थी कि व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया।

शहर के अन्य हिस्सों में भी यातायात प्रभावित रहा। मंडुवाडीह चौराहा, महमूरगंज, सिगरा, सोनिया रोड, चेतगंज, बेनिया, कबीरचौरा और विशेश्वरगंज से लेकर अस्सी, सोनारपुरा, रामापुरा और लक्सा तक कई मार्गों पर देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम से बचने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा चालक तंग गलियों में घुस गए, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई। औरंगाबाद क्षेत्र में तो ई-रिक्शा की अधिकता के कारण करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दो दिनों की छुट्टी और दरोगा भर्ती परीक्षा के कारण बड़ी संख्या में लोग शहर पहुंचे थे। कई लोग अपने परिवार के साथ काशी में ही रुक गए। इसी दौरान Prayagraj और Ayodhya से भी पर्यटकों के समूह रविवार रात काशी पहुंच गए। सभी श्रद्धालु Kashi Vishwanath Temple में दर्शन और गंगा आरती देखने के लिए गोदौलिया, दशाश्वमेध और चौक की ओर बढ़े, जिससे एक समय पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और यातायात नियंत्रण मुश्किल हो गया।

पार्किंग व्यवस्था भी बनी जाम की वजह

मंडुवाडीह चौराहे पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण सुबह और शाम के समय अक्सर जाम की स्थिति बन रही है। भिखारीपुर तिराहे के पास सुंदरपुर मार्ग पर स्थित एक मिठाई की दुकान के बाहर पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से भी रोजाना जाम लगता है। दुकान के सामने वाहनों की कतार लगने से सड़क संकरी हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो दुकान प्रबंधन ने पार्किंग के लिए कर्मचारी तैनात किए हैं और न ही पुलिस इस ओर ध्यान दे रही है। हालात ऐसे हैं कि कई बार यातायात पुलिस की क्रेन भी जाम में फंस जाती है।

नमो घाट पर बढ़ेगी पार्किंग क्षमता

सोमवार देर शाम Namo Ghat पर बढ़ती भीड़ और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने किया। उन्होंने फेज-2 क्षेत्र का जायजा लेते हुए बताया कि यहां पार्किंग क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे 100 से अधिक वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।

इसके साथ ही शाम 4:30 से 5 बजे के बीच भीड़ को देखते हुए केवल टैंपो ट्रैवलर को ही घाट तक जाने की अनुमति देने की योजना बनाई जा रही है। नमो घाट से भैंसासुर घाट होते हुए भदऊं चुंगी तक जाने वाले एकल मार्ग को भी दुरुस्त कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है, क्योंकि फिलहाल सड़क जर्जर होने से यातायात प्रभावित हो रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *