लखनऊ कूच से पहले कांग्रेस नेताओं पर नजरबंदी

लखनऊ कूच से पहले कांग्रेस नेताओं पर नजरबंदी

वाराणसी (रणभेरी): विधानसभा घेराव से पहले पुलिस ने वाराणसी में कांग्रेस नेताओं पर सख्ती बढ़ा दी है। पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव समेत कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। उनके आवासों पर सोमवार रात से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि वे लखनऊ के लिए रवाना न हो सकें। हालांकि, पुलिस की निगरानी के बावजूद कुछ नेता निकलने में सफल रहे।

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे अपनी टीम के साथ देर रात लखनऊ पहुंच गए। वहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात कर वाराणसी समेत पूर्वांचल से कार्यकर्ताओं के पहुंचने की जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन कांग्रेस नेताओं का उत्पीड़न कर रहा है। उनके मुताबिक करीब 50 जिलों से नजरबंदी और रोक-टोक की शिकायतें मिली हैं।

कई जिलों में वरिष्ठ नेताओं को घरों में ही रोक दिया गया है, ताकि वे विधानसभा घेराव में शामिल न हो सकें। कांग्रेस ने मंगलवार को ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया है। सुबह 11 बजे प्रदेश मुख्यालय पर जुटान के बाद जुलूस विधानसभा की ओर कूच करेगा। इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को भी विधानसभा घेराव में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस बार भी पार्टी ने व्यापक तैयारी का दावा किया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *