वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी चौकी इलाके में मामूली झगड़े ने हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना बनारस हवेली के पास उस समय हुई जब एक कार और टोलेरो के बीच मामूली टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में सिर्फ कहासुनी हुई थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में यह विवाद हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पत्थर और लाठी-डंडों से टूट पड़े। कुछ युवाओं ने हाथों में पत्थर लेकर पीछा भी किया। यह झड़प करीब पांच मिनट तक चली और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों की त्वरित सूचना पर भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और अधिकारी पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रहे हैं।
