वाराणसी (रणभेरी): काशी अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विश्व पटल पर अपनी नई पहचान दर्ज कराने जा रही है। आगामी 1 मार्च को डोमरी क्षेत्र में एक अभूतपूर्व पौधरोपण महाअभियान आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत महज एक घंटे में तीन लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य न केवल शहर की हरियाली बढ़ाना है, बल्कि इस उपलब्धि को Guinness World Records में दर्ज कराना भी है।
अभियान की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के हाथों होगी। इस संबंध में बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता मेयर Ashok Kumar Tiwari ने की। बैठक में शहर के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मेयर ने कहा कि वाराणसी को स्मार्ट सिटी के साथ-साथ ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प अब धरातल पर उतरने जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डोमरी में होने वाला यह अभियान जन-आंदोलन का रूप लेगा और इसमें हजारों स्वयंसेवक भागीदारी करेंगे।
जिलाधिकारी Satyendra Kumar ने बताया कि तीन लाख पौधों के रोपण के लिए भूमि का चिह्नांकन और गड्ढों की खुदाई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। वहीं, पुलिस कमिश्नर Mohit Agarwal ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियों के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
नगर आयुक्त Himanshu Nagpal ने बताया कि अभियान में नीम, पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे छायादार व औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण देने की दिशा में एक ठोस कदम है।
