सारनाथ स्टेशन पर पानी की बोतल फटने से अफरा-तफरी, सल्फॉस मिलाने से बना गैस का दबाव

सारनाथ स्टेशन पर पानी की बोतल फटने से अफरा-तफरी, सल्फॉस मिलाने से बना गैस का दबाव

प्रेम प्रसंग से परेशान युवक ने आत्महत्या की योजना बनाई थी, पूछताछ के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंपा

वाराणसी (रणभेरी): सारनाथ रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल सूचना दी गई। मौके पर जीआरपी, आरपीएफ, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीम पहुंचकर जांच में जुट गई।

जांच के दौरान जिस बैग से आवाज आई थी, उसके मालिक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआती पड़ताल में पता चला कि बैग में रखी एक पानी की बोतल फट गई थी। पुलिस के अनुसार बोतल में पानी के साथ सल्फॉस की गोलियां मिलाई गई थीं, जिससे गैस बनने के कारण दबाव बढ़ा और बोतल अचानक फट गई।

पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इससे परेशान होकर वह वाराणसी परीक्षा देने आया था और प्रेमिका से आखिरी बार बात करने के बाद आत्महत्या करने की योजना बना रहा था। इसी उद्देश्य से उसने जहरीली गोलियां खरीदीं और स्टेशन पहुंचकर पानी की बोतल में मिला दीं।

प्रेमिका से बातचीत के दौरान अचानक गैस बनने से बोतल फट गई और घटना हो गई।वरुणा जोन की एसीपी विदुष सक्सेना के मुताबिक युवक पटना का रहने वाला है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। जांच में उसके पास कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। परिजनों से संपर्क करने के बाद उसे स्थानीय पुलिस की निगरानी में परिजनों को सौंप दिया गया है।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कोई आतंकी या आपराधिक साजिश नहीं थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *