वाराणसी में फर्जीवाड़े से दो करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप, पिता-पुत्र पर केस दर्ज

वाराणसी में फर्जीवाड़े से दो करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप, पिता-पुत्र पर केस दर्ज

वाराणसी (रणभेरी) : शहर के रविंद्रपुरी क्षेत्र में संचालित पोकर मेनिया रेस्टोरेंट को लेकर साझेदारों के बीच विवाद ने गंभीर आपराधिक रूप ले लिया है। फर्जीवाड़ा कर करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के गबन और रेस्टोरेंट का सामान हड़पने के आरोप में पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर भेलूपुर थाने में पिता-पुत्र समेत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित केशव सर्राफ ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके पार्टनर वीरेंद्र कुमार मालू, उनके पुत्र आशीष मालू और उनके अज्ञात सहयोगियों ने साजिश के तहत रेस्टोरेंट और उससे जुड़ी संपत्ति पर अवैध कब्जा कर लिया। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने शनिवार की रात डकैती, गबन और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।

चेतगंज थाना क्षेत्र के महामंडल नगर, तुलसी अपार्टमेंट निवासी अनूप सर्राफ ने बताया कि वह अपनी फर्म सर्राफ बीएसबी फूड्स एंड बेवरेजेज एलएलपी के तहत रविंद्रपुरी में संचालित पोकर मेनिया रेस्टोरेंट के साझेदार हैं। आरोप है कि 28 दिसंबर की सुबह वीरेंद्र कुमार मालू, उनका पुत्र आशीष मालू (निवासी कमच्छा) और कई अज्ञात लोग जबरन रेस्टोरेंट में घुस आए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की।

व्यापारी का आरोप है कि हमलावरों ने काउंटर से 4 लाख 50 हजार रुपये नकद लूट लिए, कर्मचारियों को बाहर निकालकर रेस्टोरेंट में ताला बंद कर दिया और धमकी देते हुए परिसर से खदेड़ दिया। इस दौरान एक कर्मचारी का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। आरोप है कि रेस्टोरेंट परिसर में मौजूद दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पर अवैध कब्जा कर चाभी अपने पास रख ली गई तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जबरन ले लिए गए।

घटना के बाद नए वर्ष की अग्रिम बुकिंग रद्द हो गई, जिससे सोशल मीडिया पर रेस्टोरेंट की छवि खराब हो रही है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस संबंध में भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *