होली पर वाराणसी में गंगा में नौका विहार पर ब्रेक, सुबह 4 से शाम 4 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध

होली पर वाराणसी में गंगा में नौका विहार पर ब्रेक, सुबह 4 से शाम 4 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध

वाराणसी। रंगों के पर्व होली पर गंगा में नौका विहार करने वालों के लिए इस बार प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सुरक्षा कारणों से होली के दिन सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक गंगा में किसी भी प्रकार की नाव का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय एहतियातन लिया गया है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

एसीपी डॉ. अतुल अंजना त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहार के दिन भीड़ और उत्साह के बीच अक्सर लापरवाही की आशंका रहती है। ऐसे में एहतियात के तौर पर 4 मार्च को तय समयावधि में गंगा में नावें नहीं चलेंगी। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगी और किसी भी उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित समय के दौरान यदि कोई नाव संचालित होती पाई गई तो संबंधित नाविक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। नाव को सीज करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आवश्यक होने पर गिरफ्तारी भी की जा सकती है। इस संबंध में सभी नाविकों को पूर्व सूचना दे दी गई है, ताकि वे नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

प्रशासन का कहना है कि त्योहार के अवसर पर नावों में शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से हुड़दंग और हादसों की संभावना बढ़ जाती है। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

होली पर वाराणसी में गंगा में नौका विहार पर ब्रेक, सुबह 4 से शाम 4 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध

घाटों पर भी सख्ती

सिर्फ नदी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि घाटों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, घाटों पर नशा करने, नशे की बिक्री करने या हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि शाम 4 बजे के बाद नौका संचालन की अनुमति रहेगी, लेकिन उस दौरान भी नाविकों को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाना और सतर्कता बरतना आवश्यक होगा।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि होली का उत्सव सुरक्षित और आनंदमय बना रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *