वाराणसी (रणभेरी): भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। सर्किट हाउस के सामने जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।

भाजयुमो पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। उनका कहना था कि कार्यक्रम के दौरान टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी की गई, जिससे आयोजन की गरिमा प्रभावित हुई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को ठेस पहुंची।


इसी घटना के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ता सर्किट हाउस के सामने एकत्र हुए और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन एहतियातन मौके पर तैनात रहा। हालांकि, पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

भाजयुमो नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन सार्वजनिक और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में मर्यादा का पालन जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की गतिविधियों के खिलाफ उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
