वाराणसी ( रणभेरी): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइमरी स्कूल में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और बैडटच के आरोप के बाद सोमवार को भारी हंगामा हो गया। आरोप सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जूते-चप्पल लेकर स्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक को खोजने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख शिक्षक ने खुद को स्कूल के एक कमरे में बंद कर लिया।
सूचना मिलते ही एसीपी के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 200 से अधिक ग्रामीणों की भीड़ स्कूल परिसर में नारेबाजी करती रही। पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराने की कोशिश की और आरोपी शिक्षक को सुरक्षा के बीच कमरे से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। भीड़ के गुस्से को देखते हुए शिक्षक को हेलमेट पहनाकर बाहर लाया गया।

जांच में सामने आया कि संबंधित प्रधानाध्यापक को करीब 15 दिन पहले ही दूसरे स्कूल में समायोजित किया जा चुका था, लेकिन वह अब तक स्कूल छोड़कर नहीं गए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी की उम्र करीब 58 वर्ष है और दो साल बाद उनका सेवानिवृत्त होना है।

मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर और बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शिक्षा विभाग ने बताया कि स्कूल में कुल 15 शिक्षक तैनात हैं, जिनमें 12 महिला और 3 पुरुष शिक्षक शामिल हैं। पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि उनकी बच्चियां कक्षा 4 और 5 में पढ़ती हैं और पिछले कुछ समय से शिक्षक की हरकतों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
