(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेत्री Jacqueline Fernandez रविवार को एक निजी आध्यात्मिक यात्रा पर काशी पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने पिता एलरॉय फर्नांडिस के साथ मां की अस्थियों का पवित्र गंगा में विसर्जन किया। यह धार्मिक अनुष्ठान पूरी तरह सादगी और गोपनीयता के साथ संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार अभिनेत्री शहर के एक होटल से सीधे गंगा घाट पहुंचीं। आम श्रद्धालुओं की तरह पूजा-अर्चना करने के लिए उन्होंने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था, ताकि पहचान से बचा जा सके। इसके बाद वह अपने पिता के साथ नाव के माध्यम से गंगा के मध्य तक पहुंचीं और विधि-विधान के साथ मां को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह अनुष्ठान संपन्न हुआ। धार्मिक कर्मकांड काशी के विद्वान आचार्य के मार्गदर्शन में कराया गया। करीब डेढ़ घंटे वाराणसी में रुकने के बाद अभिनेत्री वापस लौट गईं। इस दौरान जैकलिन ने कहा कि सनातन परंपराओं में उनकी गहरी आस्था है और काशी में गंगा के पावन जल में अस्थि विसर्जन करना उनकी मां की स्मृति को समर्पित एक आध्यात्मिक निर्णय था।

पिछले वर्ष हुआ था मां का निधन
बताया जाता है कि अभिनेत्री की मां किम फर्नांडिस का निधन 6 अप्रैल 2025 को हुआ था। इससे पहले उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और अंततः उन्होंने अंतिम सांस ली।
एयर होस्टेस रह चुकी थीं किम फर्नांडिस
किम फर्नांडिस मूल रूप से मलेशिया से थीं और अपने पेशेवर जीवन में एयर होस्टेस के रूप में कार्य कर चुकी थीं। बाद में उन्होंने श्रीलंकाई मूल के व्यवसायी एलरॉय फर्नांडिस से विवाह किया। परिवार में उनके चार बच्चे हैं, जिनमें जैकलिन भी शामिल हैं।
अभिनेत्री कई अवसरों पर अपनी मां के साथ गहरे भावनात्मक संबंध का जिक्र कर चुकी हैं। एक बातचीत में उन्होंने बताया था कि परिवार में किसी भी विवाद की स्थिति में उनकी मां ही संतुलन बनाकर सबको जोड़कर रखती थीं। काशी की पवित्र गंगा में अस्थि विसर्जन कर अभिनेत्री ने अपनी मां को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की और यह यात्रा पूरी तरह निजी रखी।
