वाराणसी (रणभेरी): शुक्रवार दोपहर वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर एक सड़क हादसे में काशी नरेश डॉ. अनंत नारायण सिंह की कार ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में वाहन को नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार में सवार काशी नरेश, उनके परिवार के सदस्य और सुरक्षा कर्मी पूरी तरह सुरक्षित रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, काशी नरेश डॉ. अनंत नारायण सिंह अपने रामनगर स्थित किले से परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मिर्जामुराद के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार ट्रक के आगे करीब दस मीटर तक घिसटती चली गई।

घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कराया। वहीं जैसे ही राहगीरों और आसपास के लोगों को पता चला कि काशी नरेश की कार दुर्घटना का शिकार हुई है, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया।
