वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक राष्ट्रीय पर्व की धूम रही। सरकारी भवनों के साथ-साथ राज्य और केंद्र सरकार के कार्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जबकि निजी संस्थानों और शिक्षण परिसरों में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए।
जिले का मुख्य समारोह परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर परेड में पहली बार महिला कमांडो दस्ते की सहभागिता ने सभी का ध्यान खींचा। परेड के दौरान डीआईजी शिवहरि मीणा का पुत्र भी वर्दी में शामिल हुआ और उसने वरिष्ठ अधिकारियों से हाथ मिलाकर सभी को गौरवान्वित किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने देशभक्ति गीतों और राष्ट्रीय गान के बीच तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ के नारों से परिसर गूंज उठा। कमिश्नरी कार्यालय में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम तथा नगर निगम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने ध्वजारोहण कर सलामी दी। अन्य सरकारी दफ्तरों में भी अधिकारियों द्वारा झंडारोहण किया गया।

प्रशासनिक कार्यक्रम के तहत सुबह 8:30 बजे कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण हुआ। सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे तक और विद्यालयों में सुबह 10 बजे तक झंडारोहण संपन्न कराया गया। जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को उनके आवास पर जाकर सम्मानित करने की भी योजना है।
शिक्षण संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में कुलपति अजित चतुर्वेदी ने कर्मचारियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया। एनसीसी कैडेट्स ने परेड कर सलामी दी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी विद्यापीठ सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बनाया।
