वाराणसी एयरपोर्ट पर सख्ती: जबरन सवारी बैठाने वाले 3 टैक्सी चालक गिरफ्तार, 40 वाहनों का चालान

वाराणसी एयरपोर्ट पर सख्ती: जबरन सवारी बैठाने वाले 3 टैक्सी चालक गिरफ्तार, 40 वाहनों का चालान

वाराणसी (रणभेरी): यात्रियों से जबरन सवारी कराने और अभद्र व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एयरपोर्ट परिसर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मंगलवार को हुई कार्रवाई में तीन टैक्सी चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 चारपहिया वाहनों का चालान किया गया। वहीं एक वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से यात्रियों की शिकायतें मिल रही थीं कि एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही कुछ टैक्सी और ऑटो चालक उन्हें घेर लेते हैं और जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाने का दबाव बनाते हैं। कई मामलों में मना करने पर यात्रियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया गया।

इन शिकायतों के बाद पुलिस ने एयरपोर्ट क्षेत्र में सख्त निगरानी शुरू कर दी है। अब यहां चार पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगा दी गई है, जिन्हें यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियम तोड़ने वाले चालकों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि यह अभियान पिछले दो दिनों से लगातार चलाया जा रहा है। सोमवार को भी चार चालकों को गिरफ्तार किया गया था और दो वाहनों को जब्त किया गया था।

उधर, लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने एक अन्य मामले में जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर एक कोचिंग संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने सभी वाहन चालकों और मालिकों को सख्त चेतावनी दी है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। यदि कोई चालक यात्रियों को परेशान करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ वाहन जब्त करने और लाइसेंस रद्द कराने की भी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *