देवबंद में होटल पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग, शीशे चकनाचूर

देवबंद में होटल पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग, शीशे चकनाचूर

  • आईडी मांगने पर रिसेप्शन पर हुआ विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना
  • आरोपी लगभग एक घंटे तक होटल के बाहर खड़े रहे, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से तलाश में

(रणभेरी): सहारनपुर जिले के देवबंद स्थित स्टेट हाइवे पर रविवार तड़के वीआईपी रोज होटल पर कुछ बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे होटल में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान कर्मचारी कमरों में छिपकर अपनी जान बचाते रहे। गोलियों के निशान से होटल की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं और कई सामानों को भी नुकसान पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब चार बजे हुई। बाइक सवार युवक होटल में आए और रिसेप्शन पर कमरे के लिए पूछताछ करने लगे। इस दौरान एक युवक ने अपनी पहचान पत्र (आईडी) पेश की, जबकि अन्य युवकों से आईडी मांगने पर विवाद हो गया। घटना के बाद युवकों ने रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे, जिससे गुस्साए आरोपियों ने होटल के अंदर रखे लैपटॉप और अन्य सामान तोड़ने-फोड़ने शुरू कर दी।

मारपीट और तोड़फोड़ के बाद आरोपी बाहर निकल आए और होटल के सामने लगभग छह राउंड फायरिंग की। गोलीबारी के दौरान होटल के शीशे टूट गए और कर्मचारी डर के मारे कमरों में छिप गए। बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद भी आरोपी करीब एक घंटे तक होटल के बाहर खड़े रहे।

पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फायरिंग करने वाले युवकों में क्षेत्र के एक गांव का निवासी और हरियाणा का रहने वाला युवक शामिल हैं। आरोपियों का किसी गैंग से जुड़ा होना भी बताया जा रहा है।

होटल मालिक विपिन कुमार ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा कि युवक कमरे के लिए आए थे, लेकिन आईडी मांगने पर विवाद के बाद होटल में तोड़फोड़ और फायरिंग की गई, जिससे काफी नुकसान हुआ। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की तैयारी में है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *