(रणभेरी): झांसी में एक सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के कोंछाभांवर गांव के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान कमलेश पुत्र बृजकिशोर कुशवाहा, निवासी बनगुआं गांव, बरुआसागर क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, कमलेश की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। दंपती के कोई संतान नहीं थी। शुरुआती दिनों में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में पत्नी के कथित प्रेम संबंधों को लेकर विवाद शुरू हो गया। करीब चार महीने पहले कमलेश ने अपनी पत्नी को एक युवक से बातचीत करते हुए देख लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। इसी बीच लगभग दो महीने पहले पत्नी अपने मायके चली गई और वापस आने से इनकार करने लगी।

परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पत्नी को ससुराल बुलाने का प्रयास किया जा रहा था। शनिवार को कमलेश पत्नी को लेने बड़ागांव गया था, लेकिन वहां पत्नी ने साफ तौर पर उसके साथ जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद कमलेश बाइक से अपने घर लौट रहा था।
रास्ते में कोंछाभांवर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
मृतक के पिता बृजकिशोर कुशवाहा ने इस दुर्घटना को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया है कि बहू ने साजिश के तहत उनके बेटे को रास्ते से हटवाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं परिजनों का यह भी कहना है कि हादसे की जानकारी देने के बावजूद पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग अस्पताल नहीं पहुंचे।
इस संबंध में विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी निखिल ठाकुर ने बताया कि यह दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत का मामला है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
